रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की राजधानी गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त जारी की। इस दौरान देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में लगभग 18 हजार 650 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार किसानों के खातों में 498.83 करोड़ की राशि डाली गई।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन प्रदेश के किसान भाइयों और बहनों के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को हर वर्ष तीन किश्तों में कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जो किसानों के परिश्रम के सम्मान का प्रतीक है। (Prime Minister Kisan Samman Nidhi Scheme)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को अब तक Prime Minister Kisan Samman Nidhi Scheme के तहत 11 हजार 283 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार बनने के बाद सबसे पहले किसानों को बोनस राशि दी गई और 13 लाख किसानों के खातों में 3 हजार 716 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

25 लाख से अधिक किसानों को कृषक उन्नति योजना का मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में भुगतान किया गया। साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि होली से पहले अंतरित की गई।

जैविक खेती को बढ़ावा देने बजट में 40 करोड़ का प्रावधान Prime Minister Kisan Samman Nidhi Scheme

उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। सिंचाई के लिए कृषि पंपों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए इस वर्ष के बजट में 5 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। किसानों के खेत में पानी पहुंचाने के लिए दो साल के दस हज़ार करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजना शुरू किए है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए मददगार : नेताम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि Prime Minister Kisan Samman Nidhi Scheme किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को धान के साथ-साथ अन्य फसलों की खेती की ओर भी ध्यान देना चाहिए, जिससे पानी की बचत होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। धरसीवां विधायक अनुज शर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए बधाई दी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, कृषि विभाग के संचालक राहुल देव, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, बीज निगम के एमडी अजय अग्रवाल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।