Join Whatsapp Group
यहाँ क्लिक करेंIND vs PAK T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में आज क्रिकेट प्रेमियों की नजरें भारत और पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं। यह मैच कोलंबो के प्रतिष्ठित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि मुकाबले से पहले मौसम को लेकर हल्की चिंता बनी हुई है। कोलंबो में बारिश की आशंका जताई गई है, लेकिन प्रतिशत काफी कम बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो क्या इसके लिए रिजर्व डे रखा गया है?
टीम इंडिया का तीसरा मुकाबला

टी20 विश्व कप 2026 में यह भारतीय टीम का तीसरा मैच है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया शानदार लय में नजर आ रही है। भारत ने अपने पहले मुकाबले में यूएई (यूएएस) को हराया, जबकि दूसरे मैच में नामीबिया को मात दी। अब टीम की नजरें चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर टिकी हैं।
क्या कहता है ICC का नियम?
टी20 विश्व कप 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के नियमों के अनुसार लीग चरण और सुपर-8 मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं किया गया है। यानी अगर इन चरणों में बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो उसे अगले दिन दोबारा नहीं खेला जाएगा।
बारिश हुई तो क्या होगा?

मौसम रिपोर्ट के मुताबिक मुकाबले के दौरान कोलंबो में करीब 8 से 10 प्रतिशत बारिश की संभावना है। यदि हल्की बारिश होती है तो आयोजकों की कोशिश रहेगी कि ओवर घटाकर ही सही, लेकिन मैच पूरा कराया जाए। नियमों के तहत परिणाम निकालने के लिए कम से कम छह ओवर प्रति टीम का खेल होना जरूरी है।
मैच रद्द हुआ तो अंकों का होगा बंटवारा

अगर भारत-पाकिस्तान मुकाबला बारिश के कारण रद्द होता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के 5-5 अंक हो जाएंगे। बेहतर रन रेट के आधार पर भारत ग्रुप ए में शीर्ष पर रहेगा, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर बना रहेगा।
तीन टीमों का सफर हो सकता है खत्म
मैच रद्द होने की स्थिति में यूएसए, नीदरलैंड्स और नामीबिया का टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो जाएगा। यूएसए और नीदरलैंड्स अधिकतम 4 अंक तक ही पहुंच सकते हैं, जबकि नामीबिया भी अपने बाकी दोनों मैच जीतकर 4 अंक ही हासिल कर पाएगा।
वहीं अगर मैच का नतीजा निकलता है तो जीतने वाली टीम 6 अंकों के साथ सुपर-8 में जगह पक्की कर लेगी। इसलिए यह मुकाबला ग्रुप ए के लिहाज से बेहद अहम है।
सेमीफाइनल और फाइनल में अलग नियम
हालांकि लीग और सुपर-8 मुकाबलों में रिजर्व डे नहीं है, लेकिन सेमीफाइनल और फाइनल के लिए अलग प्रावधान किया गया है। इन नॉकआउट मुकाबलों में बारिश की स्थिति में अगले दिन रिजर्व डे पर मैच खेला जाएगा, ताकि परिणाम सुनिश्चित हो सके।
फिलहाल क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि मौसम मैच में खलल नहीं डालेगा और कोलंबो में भारत-पाकिस्तान का रोमांचक मुकाबला पूरे 20-20 ओवरों के साथ देखने को मिलेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
