Join Whatsapp Group
यहाँ क्लिक करेंSL vs NZ T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज के छठे मुकाबले में श्रीलंका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। शनाका ने बताया कि प्लेइंग 11 में एक बदलाव हुआ है। कामिल मिशारा की जगह चरिथ असलंका की वापसी हुई है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम में जिम्मी नीशम की जगह कोल मैककोनकी को मौका मिला है।

बता दें कि श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 स्टेज का यह मुकाबला आज शाम 7 बजे से शुरू होगा, लेकिन उससे पहले आइए टी20I फॉर्मेट में दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़े, आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग और दोनों टीमों की प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 के इस मुकाबले का परिणाम सेमीफाइनल की तस्वीर काफी हद तक साफ कर सकता है। अगर श्रीलंका या न्यूजीलैंड में से कोई टीम जीत दर्ज करती है, तो उसकी सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार रहेंगी, जबकि पाकिस्तान की राह लगभग बंद हो जाएगी।

गौरतलब है कि सुपर-8 में न्यूजीलैंड का पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ था, लेकिन बारिश के कारण वह रद्द हो गया और कीवी टीम को एक अंक से संतोष करना पड़ा। अब न्यूजीलैंड श्रीलंका के खिलाफ जीत हासिल कर अंतिम चार की दौड़ में मजबूती से बने रहना चाहेगा। दूसरी ओर, श्रीलंका को सुपर-8 में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए उसके लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा है।
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

बल्लेबाजी में पाथुम निसांका श्रीलंका के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 5 मैचों में 154.07 की स्ट्राइक रेट से 208 रन बनाए हैं, जिसमें नाबाद 100 रन की शानदार पारी भी शामिल है। जबकि, गेंदबाजी में महीश तीक्षणा ने टीम की अगुवाई की है। उन्होंने 5 मैचों में 7.12 की इकोनॉमी से रन देते हुए 8 विकेट झटके हैं।
न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने 4 मैचों में 167.96 की स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 89 रन है। वहीं गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन ने अब तक 4 मैचों में 9.67 की इकोनॉमी से 4 विकेट हासिल किए हैं और टीम के प्रमुख गेंदबाज साबित हुए हैं।
श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

गौरतलब है कि टी-20 इंटरनेशनल में श्रीलंका के खिलाफ न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 28 टी-20 मैच खेले गए हैं। इस दौरान न्यूजीलैंड को 16 और श्रीलंका को सिर्फ 6 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि 2 मुकाबले टाई और एक बेनतीजा रहा। दोनों के बीच आखिरी टी-20 2025 में हुआ था। तब श्रीलंका ने 218 रन बनाए थे, जबकि न्यूजीलैंड 211 रन ही बना सका था।
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की सरफेस स्पिन गेंदबाजी के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है। नई गेंद के साथ शुरुआत में यहां गेंद बल्ले पर ठीक-ठाक आती है, लेकिन गेंद अपनी चमक खोने के बाद मिडिल ओवर्स में जबरदस्त स्पिन करती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 152 रन है। इस मैदान पर सर्वाधिक स्कोर बांग्लादेश का है। बांग्लादेश ने श्रीलंका के खिलाफ ही 2018 में 5 विकेट पर 215 रन बनाए थे।
श्रीलंका और न्यूजीलैंड दोनों टीमों की प्लेइंग 11

श्रीलंका की प्लेइंग 11
पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरिथ असलांका, पवन रथनायके, कामिंडू मेंडिस, दसुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेल्लागे, दुशान हेमंथा, दुष्मंथा चमीरा, महेश थीकशाना, दिलशान मदुशंका।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11
टिम सीफ़र्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककोनकी, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन।
मैच कहां देखें लाइव?
श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 चरण के इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
मोबाइल पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगी। यदि आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करें; पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें ताकि बिना रुकावट मैच देखा जा सके। इसके साथ ही आप Lalluram.com की वेबसाइट पर भी मैच का लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

